Tuesday, January 24, 2012

मशीन नहीं हैं सचिन

सचिन तेंदुलकर
सचिन के करियर  या खेल पर सवाल उठाना बेवजह  ही नही बेतुका भी लगता है। फर्श से अर्श पर पहुंचा ये सितारा टीम को हमेशा अपनी रोशनी  से नवाजता रहा है। ऐसे में  सचिन से हर वक्त शतक की उम्मीद करना बेमानी ही है। बहरहाल मौजूदा सीरीज की बात करें तो भी सचिन बाकी खिलाड़ियों से बेहतर ही नजर आते हैं।  सचिन ने दौरे पर अब तक तीन टेस्ट मैच खेले है जिसमें 41.50 की औसत से 249 रन बना चुके हैं। जो जारी सीरीज में किसी भी भारतीय खिलाड़ी से कहीं आगे नजर आता है। सचिन के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में दीवार यानी राहुल द्रविड का नाम आता है जो सचिन से 10 या 20 रन नहीं 87 रन पीछे हैं। राहुल यहां पर तीन मैच खेलते हुए 168 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। बाकी के खिलाड़ी  भी सचिन से कोसों पीछे ही नजर आते हैं। कोहली 162, गंभीर 144, अश्विन 143 और 118 रन सहवाग के नाम हैं। ऐसी बात नहीं है कि सचिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रन बनाने में आजतक कामयाब नहीं हो पाए हैं। ऑस्ट्रेलियाई जमीं की ही बात करें तो सचिन ने कंगारुओं के खिलाफ 1 दोहरा शतक, दो बार 150 रन से ज्यादा और 6 शतक बनाने में कामयाब रहें हैं। जिसमें से उनकी बेहतरीन पारी 241 रन नाबाद रही है। पिछले दौरे की बात करें तो सचिन ने 24 जनवरी 2008 को कंगारुओं के खिलाफ 154 रन की नाबाद पारी खेली थी। जो उनके शानदार पारियों में शुमार होता है। सचिन ने अपने खेल के साथ वही वफा बरती है जो हम सब अपनी जिंदगी के साथ निभाते हैं। ऐसे में उनपर सवाल उठाना अपने आप में एक सवाल है... !

No comments: